लखनऊ। बाराबंकी में किशोरी के साथ हुई हैवानियत की घटना को लेकर आज आम आदमी पार्टी की महिला विंग ने कलेक्ट्रेट लखनऊ में प्रदर्शन किया। प्रदेश महिला अध्य्क्ष नीलम यादव के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया। वहीं, इस दौरान पुलिस ने बल प्रयोग करके उन्हें वहां से हटा दिया। आप नेता का आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज की है, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
वहीं, महिला प्रदेश अध्य्क्ष सहित तमाम नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आम आदमी पार्टी महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव ने कहा कि भाजपा राज में पूरे प्रदेश में बहू बेटियां सुरक्षित नहीं रहीं। आए दिन प्रदेश में बच्चियों की हत्या हो रही है और उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया जा रहा है।
यूपी सरकार की पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने, बलात्कारियों को गिरफ्तार करने के बजाए घटना के विरोध में प्रदर्शन करने वाले लोगों पर लाठियां बरसाती है, उनके साथ अभद्रता करती है और गिरफ्तार कर लेती है। उनका कहना है कि बाराबंकी की दलित बिटिया के साथ हुए गैंगरेप और निर्मम तथा जघन्य हत्या के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को लाठियों से पीटा गया।
इतना ही नहीं बलात्कारियों और अपराधियों को संरक्षण देने वाली योगी सरकार की पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस जीप में लाठियों से पीटा। महिला कार्यकर्ताओं को नहीं बख्शा, महिला कार्यकर्ताओं को भद्दी भद्दी गालियां दी और गला दबाकर जान से मार डालने की धमकी दी।
प्रदर्शन और गिरफ्तारी में आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान लतीफ, प्रदेश सचिव तुषार श्रीवास्तव, महिला विनबग की जिला अध्य्क्ष सुभाषनी, इरम रिज़वी, अफ़रोज़ आलम,पंकज यादव, ललित वाल्मीकि, रविन्द्र मणि वर्मा, जसमीत कौर, कृपानिधान, राजीव पांडेय,सोनी चौहान सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।