नई दिल्ली। हाथरस केस को लेकर सियासत ने जोर पकड़ लिया है। पूरे देश में इस केस को लेकर हंगामा चल रहा है। पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन की लापरवाही भी उजागर हो रही है। इस बीच सोशल मीडिया पर हाथरस के डीएम का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह पीड़ित परिवार को धमकाते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, इसके साथ एक एसडीएम का भी वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह निर्भया की वकील सीमा समृद्धि से अभद्रता पूर्वक बात करते नजर आ रहे हैं।
हाथरस केस लेकर लेकर देशभर में प्रर्दशन जारी है। वहीं, शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने लखनऊ हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि लखनऊ हाई कोर्ट का एक मजबूत और उत्साहजनक आदेश आया है। पूरा देश हाथरस दुष्कर्म पीड़िता के लिए न्याय की मांग कर रहा है।
यूपी सरकार द्वारा उसके परिवार के साथ किए गए अमानवीय और अन्यायपूर्ण व्यवहार के बीच हाई कोर्ट का आदेश आशा की किरण है। आपको बता दें कि इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ ने हाथरस की घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने इस मामले में उतर प्रदेश सरकार के शीर्ष अधिकारियों और हाथरस के डीएम व एसपी को नोटिस जारी कर तलब कर लिया है।
कोर्ट ने हाथरस की घटना पर पुलिस और प्रशासन के कृत्य पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सख्त निर्देश जारी किए हैं। कोर्ट ने प्रमुख सचिव गृह, डीजीपी, एडीजी कानून और व्यवस्था, हाथरस डीएम और एसपी को नोटिस जारी कर उन्हें अगली सुनवाई पर तलब किया है। अदालत ने यह भी कहा है कि अधिकारी कोर्ट में मामले से संबंधित दस्तावेजों के साथ हाजिर हों।