रांची। झारखंड में बीजेपी को सत्ता से बाहर करने वाले हेमंत सोरेन आज सीएम पद की शपथ लेंगे, जो राज्य के 11वें सीएम होंगे। झारखंड में जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी के गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला है। दोपहर दो बजे जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन शपथ लेंगे। बता दें कि, झारखंड विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और आरजेडी ने गठबंधन करके 81 सीटों पर चुनाव लड़े थे।
इसमें महागठबंधन ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसमें जेएमएम के 30, कांग्रेस के 16 और आरजेडी के 1 विधायक को जीत मिली थी। जेवीएम के तीन, एनसीपी और सीपीआई एमएल के एक-एक विधायकों ने भी गठबंधन को अपना समर्थन दे दिया है। वहीं, आज हेमंत सोरेन सीएम पद की शपथ लेंगे। बताया जा रहा है कि, इनके साथ दो या तीन मंत्री आज शपथ ले सकते हैं।
इसके बाद सदन में बहुमत साबित करने पर मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। आज शपथ लेने वाले एक मंत्री का नाम लगभग पक्का है। ये हैं झारखंड में कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि उन्हें शपथ लेने के लिए फोन आ चुका है।
वहीं, इस शपथ ग्रहण समारोह में विपक्ष की एक जुटता दिखाई देगी। बताया जा रहा है कि कई राज्यों के सीएम और बड़े नेता शपथ ग्रहण में शामिल होंगे। वहीं, इसको लेकर वहां की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है।