वाशिंगटन। अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के रूप में डेमोक्रेटिक पार्टी के जो बाइडेन और भारतीय मूल की कमला हैरिस को उपराष्ट्रपति चुना गया है। शनिवार देर रात इन्होंने देश को संबोधित किया। इस दौरान जो बइडेन ने कहा कि एक ऐसा राष्ट्रपति बनूंगा, जो बांटेगा नहीं बल्कि लोगों को एकजुट करेगा। कमला हैरिस ने कहा, अमेरिकी नागरिकों ने एक नए दिन की शुरुआत की है।
बाइडेन ने शनिवार रात जीत के बाद अपने भाषण में कहा कि मैं ऐसा राष्ट्रपति बनने का संकल्प लेता हूं, जो बांटने नहीं, बल्कि एकजुट की कोशिश करेगा, जो डेमोक्रेटिक राज्यों और रिपब्लिकन राज्यों में फर्क नहीं करेगा, बल्कि पूरे अमेरिका को एक नजर से देखेगा। यह अमेरिका में जख्मों को भरने का समय है।
इसके साथ ही जो बाइडेन ने कहा कि, अमेरिका के लोग खुलकर सामने आए और उन्होंने हमें एक स्पष्ट जीत दिलाई। यह जीत हम लोगों के लिए है। हम अमेरिका के इतिहास में राष्ट्रपति पद के लिए मिले अब तक के सबसे अधिक वोटों से जीते हैं। बता दें कि बाइडेन के लिए 7.4 करोड़ नागरिकों ने वोट किया।
बता दें, भारतीय मूल की कमला हैरिस ने भी इस चुनाव में जीत के साथ इतिहास रच दिया है। वह पहली ऐसी महिला हैं जो अमेरिका के उपराष्ट्रपति पद पर आसीन होंगी। भारत के लिए भी गर्व की बात है कि भारतीय मूल की एक महिला अमेरिकी उपराष्ट्रपति का पद संभालेंगी।