रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को रांची में झारखंड विधानसभा के नव निर्मित भवन का उद्घाटन किया। इस तीन मंजिला नए भवन का निर्माण 465 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है। इस दौरान गवर्नर द्रौपदी मुर्मू और सीएम रघुबर दास भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने इस किसान मानधन योजना सहित कई विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।
रांची में पीएम ने कहा कि हमारी सरकार हर देशवासी को सामाजिक सुरक्षा का कवच देने का प्रयास कर रही है। इस वर्ष मार्च से ऐसी ही पेंशन योजना देश के करोड़ों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए चल रही है। अब तक इस श्रमयोगी मानधन योजना से 32 लाख से ज्यादा श्रमिक जुड़ चुके हैं। इसके साथ ही पीएम ने कहा कि विकास हमारी प्राथमिकता भी है और हमारी प्रतिबद्धता भी है। पीएम ने कहा कि इस बार जिस तरह संसद चली, उसे देखकर आपको अच्छा लगा होगा। इस बार संसद का मानसून सत्र, देश के इतिहास में सबसे ज्यादा उत्पादक सत्रों में से एक रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन झारखंड के लिए ऐतिहासिक है क्योंकि आज यहां विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण किया गया है। राज्य बनने के करीब दो दशक बाद आज झारखंड में लोकतंत्र के मंदिर का लोकार्पण हो रहा है। पीएम ने कहा कि जनता को लूटने वालों को उनकी सही जगह पहुंचाना हमारा संकल्प है। इस पर भी बहुत तेजी से काम हो रहा है, कुछ लोग तो अंदर चले भी गए हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ हम निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं। पहले 100 दिन में ही आतंक रोधी कानून को और मजबूत किया गया है। पीएम ने कहा कि जम्मू कश्मीर और लद्दाख को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाने संकल्प लिया था। हमने 100 दिन के भीतर ही इसकी शुरुआत भी कर दी है।
उन्होंने कहा कि आज देश के लगभग 6.50 करोड़ किसान परिवारों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि के अंतर्गत 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि पहुंच चुकी है। इसमें 8 लाख किसान परिवार झारखंड के भी हैं जिनके खाते में करीब 250 करोड़ रुपये जमा हो चुके हैं। चुनाव के समय मैंने आपसे कामदार और दमदार सरकार देने का वादा किया था। एक ऐसी सरकार जो पहले से भी ज्यादा तेज गति से काम करेगी, एक ऐसी सरकार जो आपकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा देगी। बीते 100 दिन में देश ने इसका ट्रेलर देख लिया है, अभी फिल्म बाकी है।
पीएम ने कहा कि आज मुझे साहिबगंज मल्टी-मॉडल टर्मिनल का उद्घाटन करने का सौभाग्य भी मिला है। ये सिर्फ एक और प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि इस पूरे क्षेत्र को परिवहन का नया विकल्प दे रहा है। आज पूरे देश के करोड़ों किसानों के लिए पेंशन सुनिश्चित करने वाली ‘प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना’ की शुरुआत भी भगवान बिरसा मुंडा की इस महान धरती से हो रही है। देश के करोड़ों व्यापारियों और स्व-रोजगारियों के लिए राष्ट्रीय पेंशन योजना की शुरुआत भी यहीं से हो रही है।
पीएम ने कहा कि नई सरकार बनने के बाद जिन कुछ राज्यों में मुझे सबसे पहले जाने का अवसर मिला, उनमें से झारखंड भी है। आज झारखंड की पहचान में एक और बात जोड़ने का मुझे सौभाग्य मिला है। आपके झारखंड की नई पहचान बनने जा रही है कि यह वह राज्य है जो गरीब और आदिवासियों के हितों की बड़ी योजनाओं का लॉन्चिंग पैड है।