चंडीगढ़। देश में लगातार कोरोना योद्धाओं पर हमले हुए जा रहे हैं और सरकार सिर्फ कार्रवाई की बात कहकर मामले को शांत करने में लगी हैं। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के आदर्श नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-62 आशियाना में सर्वे करने गई एक आशा वर्कर पर वहां के लोगों ने जानलेवा हमला बोल दिया और उसे बुरी तरह घायल कर दिया। पीड़ित आशा वर्कर के भाइयों ने उसकी जान बचाई। इस दौरान हमलावरों ने पथराव भी किया।
हमले की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल आशा वर्कर रेखा को वहां से निकालकर बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-65 निवासी कृष्ण शर्मा की पत्नी रेखा आशा वर्कर है। वह मंगलवार को सेक्टर-62 के आशियाना में सर्वे करने गई थी। जहां एक परिवार के कुछ लोगों ने उनको ठीक तरीके से जवाब देने से मना कर दिया और उनके साथ पहले धक्का-मुक्की की और बाद में उनके साथ मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया।
गौरतलब है कि हरियाणा सरकार के आदेश पर लॉकडाउन में गरीब लोगों की पहचान के लिए सर्वे चल चल रहा है। इसमें कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी जुटा रहे हैं।