नई दिल्ली। कोरोना लॉकडाउन के चलते भारत सरकार के निर्देश पर दूरदर्शन के चैनलों में दोबारा रामायण, महाभारत, श्री कृष्णा जैसे धारावाहिक शुरू हुए। रामायण समाप्त होने के बाद आजकल दर्शक महाभारत और श्री कृष्णा का आनंद उठा रहे हैं। दूरदर्शन पर प्रचलित धार्मिक सीरियल ‘महाभारत’ का प्रसारण भी अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। दर्शक इस सीरियल को बहुत पसंद कर रहे हैं।
अब तक आपने देखा कि कृष्ण, भीम को दुर्योधन की जांघ पर मारने का इशारा करते हैं। इस दौरान भीम, दुर्योधन की जांघ पर वार करते हैं। दुर्योधन बुरी तरह घायल हो चुके हैं। भीम कहते हैं कि मैं अपनी प्रतिज्ञा पूरी करने जा रहा हूं। इस बीच बलराम गुस्सा हो जाते हैं। वह कहते हैं कि युद्ध का नियम था कि गदा से कमर के नीचे वार नहीं करना है। इसके बाद कृष्ण, बलराम को समझाते हैं। वह कहते हैं कि क्या मर्यादाओं में भी पक्षपात किया जाता है? इसकी जंघा तो टूटनी ही थी। दुर्योधन दर्द से कराह रहे होते हैं। कृष्ण कहते हैं कि दुर्योधन को उसकी मृत्यु के साथ अकेला छोड़ दो।