नई दिल्ली। भारत के स्टार हॉकी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह (Manpreet Singh) ने गुरुवार को इतिहास रच दिया। इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन ने उन्हें साल 2019 का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना है। मनप्रीत 1999 में यह पुरस्कार शुरू होने के बाद इसे हासिल करने वाले पहले भारतीय हैं।
मनप्रीत को सबसे ज्यादा 35.2 फीसदी वोट मिले। उन्होंने विश्व चैंपियन बेल्जियम के विक्टर वेगनेज और आर्थर वान डोरेन, ऑस्ट्रेलिया के अरान जालेवस्की और अर्जेंटीना के लुकास विला को पीछे छोड़ा। डोरेन 19.7 % के साथ दूसरे, जबकि लुकास 16.5 फीसदी वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
भारतीय कप्तान मनप्रीत सिंह को एफआईएच ने प्लेयर ऑफ द ईयर (FIH Player of the Year Award) अवॉर्ड से नवाजा है। मनप्रीत ने पिछले साल जून में अपनी कप्तानी में एफआईएच पुरुष हॉकी सीरीज के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम को जीत दिलाई थी। मनप्रीत की ही कप्तानी में भारत ने बीते साल नवंबर में ओलंपिक क्वालीफायर में रूस को हरा टोक्यो ओलंपिक का टिकट हासिल किया था।
2019 FIH Player of the Year (Men) – @manpreetpawar07 shares his thoughts after becoming the first ever Indian to win the FIH Player of the Year award.#HockeyStarsAwards@TheHockeyIndia pic.twitter.com/u8H0ezRfz0
— International Hockey Federation (@FIH_Hockey) February 13, 2020
मनप्रीत ने इस अवॉर्ड की रेस में विश्व चैंपियन बेल्जियम के विक्टर वेगनेज और आर्थर वान डोरेन, ऑस्ट्रेलिया के एरान जालेव्स्की और एडी ओकेंडेन के अलावा अर्जेंटीना के लुकास विला को पीछे छोड़ा है। इस उपलब्धि के लिए हॉकी इंडिया (Hockey India) ने मनप्रीत को बधाई दी है। एफआईएच प्लेयर ऑफ द ईयर अवॉर्ड देने की शुरुआत 1999 में हुई थी।
एक बयान में मनप्रीत ने कहा, ‘मैं यह अवार्ड जीतकर काफी खुश हूं और मैं इसे अपनी टीम को समर्पित करना चाहता हूं। साथ ही मैं अपने शुभचिंतकों और हॉकी प्रशंसकों का भी शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। भारतीय हॉकी को इतना समर्थन मिल रहा है यह देखकर अच्छा लगा।’