नई दिल्ली। झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Election) के पांचवें और अंतिम चरण में शुक्रवार को छह जिलों की 16 सीटों पर वोटिंग (Voting) जारी है। इन सीटों पर कुल 237 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। इसमें जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन की अग्निपरीक्षा है तो रघुवर दास सरकार के दो मंत्री लुइस मरांडी और रणधीर सिंह की साख दांव पर लगी हुई है। सभी 16 सीटें संथाल परगना क्षेत्र में आती हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए 41 हजार सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। इनमें 275 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षाबलों की हैं।
सुबह 11 बजे तक मतदान
बोरियो- 28.62%
बरहेट- 27.39%
लिट्टीपाड़ा- 36.08%
पाकुड़- 35.9%
महेशपुर- 38.40%शिकारीपाड़ा- 30.21%
नाला- 32.05%
जामताड़ा- 33.07%
दुमका- 25.10%
जमा- 26.43%
जरमुंडी- 21.23%
पोड़ैयाहाट- 22.90%
गोड्डा- 24.68%
महगामा- 24.55%
राजमहल- 29.21%
सारठ- 32.30%
इन दिग्गजों की साख दांव पर
16 में से 11 सीटों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। जबकि पांच सीटों पर मतदान दोपहर तीन बजे ही संपन्न हो जाएगा। पांचवें चरण के चुनाव में कुल 237 उम्मीदवार मैदान हैं जिनमें 29 महिलाएं शामिल हैं। 40 लाख से ज्यादा मतदाता इनकी किस्मत तय करेंगे। मतदान के लिए 5389 बूथ बनाए गए हैं। पांचवें चरण में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) और मंत्री लुईस मरांडी के भाग्य का भी फैसला होगा। ये दोनों दुमका सीट पर आमने-सामने हैं। इसके अलावा बरहेट सीट से भी हेमंत सोरेन चुनाव मैदान में हैं। मंत्री रणधीर सिंह सारठ से मैदान में हैं।
इन सीटों पर पांचवें चरण में मतदान
राजमहल, पाकुड़, नाला, दुमका, जामताड़ा, जामा, जरमुंडी, सारठ, पोड़ैयाहाट, गोड्डा और महागामा में मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। जबकि बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर और शिकारीपाड़ा में सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक वोटिंग होगी। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 396 बूथों को अति संवेदनशील और 208 बूथों को संवेदनशील माना गया है. 1347 बूथों पर वेब कास्टिंग की व्यवस्था है। 133 बूथों पर सभी मतदानकर्मी महिलाएं हैं। इन्हें सखी मतदान केंद्र कहा गया है।
अंतिम चरण में 237 उम्मीदवार मैदान में
संथाल परगना की इन 16 सीटों पर कुल 40,05,287 मतदाता हैं। इनमें 20,49,921 पुरुष और 19,55,336 महिला मतदाता शामिल हैं। जबकि नए मतदाताओं की संख्या 93,779 है। दिव्यांग मतदाता 50 हजार हैं।
शुक्रवार 20 दिसंबर को झारखंड विधानसभा चुनाव संपन्न हो जाने के बाद 23 दिसंबर को इसके नतीजों की घोषणा होगी।