रांची। झारखंड की राजधानी रांची से सटे खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में रविवार की रात भीड़ ने शारीरिक रूप से अक्षम एक व्यक्ति की गोकशी के संदेह में कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। जबकि दो अन्य लोगों को बुरी तरह से घायल कर दिया। पुलिस का कहना है कि भीड़ ने पीड़ितों पर जलतानदा सुआरी गांव में तब हमला किया जब वह कथित तौर पर पशु शव से मीट निकालकर ले जा रहे थे। पुलिस ने कहा है कि दोषी लोगों को बख्शा नहीं जायेगा। उनकी पहचान की जा रही है।
रांची के डीआईजी अमोल वेणुकांत होमकर ने बताया कि रविवार को हुई घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद मौके पर बड़ी संख्या में सुरक्षा बल भेजे गए और वह स्वयं और खूंटी के डीसी सूरज कुमार लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने बताया कि घटना सुवारी जलटंडा गांव के पास हुई। उन्होंने बताया कि कथित गोकशी के संदेह में पास के ही गांव महतो टोली के लोग मौके पर पहुंचे और 3 लोगों को पीटा जिनमें दिव्यांग बारला भी शामिल था।
होमकर ने बताया कि कर्रा थाना से लगभग 9 किलोमीटर दूर हुई इस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पहले कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और इसके बाद रांची स्थित रिम्स अस्पताल भेजा। रिम्स ले जाते समय गंभीर रूप से घायल कल्मतुष बारला की मौत हो गई। शेष दोनों घायलों का रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में इलाज चल रहा है।
पांच आरोपी हिरासत में, छापेमारी जारी
मृतक की पहचान नाम लापुंग थाना के गोपालपुर निवासी कलंतुस बारला के रूप में हुई। घायल फिलीप होरो और फागु कच्छप स्थानीय कर्रा के रहने वाले हैं। मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूरे मामले को लेकर डीआईजी वेणुगोपाल होमकर खुद घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच कर रहे हैं।
डीआईजी ने बताया कि पांच से ज्यादा संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई जा रही है। खूंटी के डीसी और इंजार्ज एसपी इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।