नई दिल्ली। दिल्ली की जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी में हुई हिंसा को लेकर सियासत तेज हो गयी है। सत्ता पक्ष और विपक्ष इस हिंसा को लेकर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज देश में युवाओं और छात्रों की आवाज को दबाया जा रहा है। मोदी सरकार के इशारे पर यह सब हो रहा है।
जेएनयू में हुई हिंसा पर सोनिया गांधी ने कहा कि कल जेएनयू में छात्रों-फैकल्टी पर हुआ हमला सरकार के द्वारा लोगों की असहमति की आवाज़ को दबाने के लिए याद किया जाएगा। बता दें कि, रविवार रात जेएनयू में करीब तीन दर्जन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे थे और छात्रों पर बर्बर तरीके से मारपीट की थी। इसके साथ ही कैंपस में तोड़फोड़ और मारपीट की थी। इस दौरान 30 से अधिक छात्र इस घटना में घायल हुए हैं।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है। वहीं, जेएनयू में हुई हिंसा को लेकर राहुल गांधी ने रविवार को ट्वीट कर कहा था कि नकाबपोश बदमाशों की ओर से जेएनयू छात्रों और शिक्षकों पर किया गया क्रूर हमला चौंकाने वाला है।
इसमें कई गंभीर रूप से घायल हो गए। भारत को फासिस्ट कंट्रोल कर रहे हैं। बहादुर छात्रों की आवाज से फासीवादी ताकतें डर रही हैं। जेएनयू में आज की हिंसा उसी डर को दिखाती है। वहीं, हिंसा के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी घायल छात्रों से मुलाकात की थीं।