नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा के उप चुनाव में 11 बागी विधायकों ने भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर जीत हासिल कर ली है। 5 दिसंबर को कर्नाटक की खाली हुई 17 सीटों में से 15 सीट पर मतदान हुआ था। बीएस येदियुरप्पा की अगुवाई वाली सरकार को राज्य की सत्ता में बने रहने के लिए छह सीटों पर जीत जरुरी है। 208 सदस्य विधानसभा में बीजेपी के पास कुल 105 की संख्या थी और 11 बागी विधायकों के चुनाव जीतने पर यहां पर बीजेपी ने बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया है।
इससे पहले, एचडी कुमारस्वामी की सरकार जुलाई में उस वक्त गिर गई थी, जब कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के 17 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था। कर्नाटक विधानसभा स्पीकर ने बाद में उन्हें विधानसभा से अयोग्य ठहराया। जिसके चलते यह उप चुनाव कराया गया।
येल्लापुर से भाजपा उम्मीदवार अराबैल शिवराम हेब्बार कर्नाटक में 15 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाले पहले उम्मीदवार बन गए हैं। अभी उपचुनावों के लिए मतगणना चल रही है।
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि हेब्बार ने कांग्रेस के भीमण्ण नाइक को 31,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया। आधिकारिक घोषणा की प्रतीक्षा की जा रही है। येल्लापुर से दो बार के कांग्रेस विधायक हेब्बार उन 13 अयोग्य विधायकों में से एक हैं जिन्हें भाजपा ने उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर टिकट दिया था।