नई दिल्ली। भारत में कोरोना महामारी को लेकर पहली बार 21 दिनो का लॉकडाउन किया गया था जबकि एकबार फिर 19 दिनो के लिए देश में लॉकडाउन घोषित किया गया। जहां एक तरफ सरकार और प्रशासन लोगों को लॉकडाउन में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और घरों में रहने के लिए जागरूक कर रहा है वहीं देश के चर्चित नेता ही इसकी धज्जिंया उड़ाते नजर आ रहे हैं। दरअसल कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के बेटे निखिल शुक्रवार को शादी के बंधन में बंध गए। लॉकडाउन के चलते इस वीवीआईपी शादी पर कर्नाटक सरकार की नजर जरूर रही लेकिन इस दौरान लॉकडाउन के नियमों की धज्जियां उड़ती देखी गईं।
दरअसल, कर्नाटक सरकार ने कहा था कि इस शादी की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। कुमारस्वामी ने भी दावा किया था कि हमने शादी के लिए राज्य सरकार से इजाजत ली है और परिवार के कुछ सदस्यों की मौजूदगी में ही शादी को संपन्न कराया जाएगा। लेकिन तस्वीरों में दिख रहा है कि लॉकडाउन के नियमों का पालन नहीं किया गया।
शादी के वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि इस दौरान अच्छी-खासी भीड़ दिखी और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की भी अनदेखी की गई। समारोह की तस्वीरों में यह भी दिख रहा है कि किसी ने भी ना तो मॉस्क पहना हुआ था और ना ही ग्लव्ज पहना हुआ था।
इससे पहले कुमारस्वामी ने लॉकडाउन के कारण निखिल की शादी को भव्य समारोह की जगह साधारण तरीके से करने का फैसला किया था। यह भी बताया गया था कि शादी में मुश्किल से 10-15 लोग शरीक होंगे। ये 10-15 लोग सिर्फ दूल्हा और दुल्हन पक्ष की तरफ से होंगे।
एचडी कुमारस्वामी ने यह भी दावा किया था कि शादी का फैसला डॉक्टरों से सलाह के बाद लिया गया है। लॉकडाउन के कारण शादी अब फॉर्महाउस में हो रही है। यह फॉर्महाउस रामनगर जिले में स्थित है। यहां प्रशासन की ओर से सिर्फ 21 कारों को आने की इजाजत दी गई।
बता दें कि कुमार स्वामी के बेटे निखिल कुमारस्वामी कुछ फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं, फिलहाल युवा जनता दल (सेक्युलर) के अध्यक्ष हैं। निखिल की शादी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम कृष्णप्पा की भतीजी से हुई है। दोनों की सगाई 10 फरवरी को हुई थी।