नई दिल्ली। केरल के कन्नूर जिले का रहने वाला एक दिहाड़ी मजदूर 12 करोड़ की लॉटरी लगने से रातोंरात करोड़पति बन गया। गरीबी के बावजूद लॉटरी का टिकट खरीदने के शौक ने इस मजदूर की किस्मत ही बदल दी। मजदूर ने सपने में भी नहीं सोचा था कि इसके जरिए एक दिन वह करोड़पति बन जाएगा। हालांकि लॉटरी की राशि का बड़ा हिस्सा टैक्स में चला जाएगा।
जानकारी के मुताबिक केरल के कन्नूर जिले में स्थित मलूर के थोलांबरा इलाके में रहने वाले 58 साल के राजन मजदूरी करते हैं। राजन ने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि लॉटरी का टिकट उन्हें रातोंरात करोड़पति बना देगा।लॉटरी का नतीजा आने के बाद राजन को अपनी किस्मत पर भरोसा नहीं हुआ। उन्होंने कई बार नतीजों की जांच कर खुद को आश्वस्त किया कि उनके टिकट का नंबर सही है।
राजन ने कहा कि लॉटरी टिकट बैंक में जमा करने से पहले उन्होंने परिणाम की कई बार जांच की। राजन ने कहा कि वह लॉटरी से मिलने वाले पैसों से गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद करना चाहते हैं। उनके ऊपर बहुत सारी देनदारियां भी हैं। राजन ने कहा कि वह इस राशि को जरूरी काम में लगाएंगे क्योंकि वह जानते हैं कि पैसा कमाना आसान नहीं है।