नई दिल्ली। केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ ‘दिल्ली चलो’ मार्च के तहत किसान सड़कों पर उतर आए हैं। किसान दिल्ली कूच करने के लिए अड़े हुए हैं। पंजाब से लेकर हरियाणा की सड़कों तक किसानों का हल्लाबोल जारी रहा है। किसान दिल्ली जाने के लिए अड़े हैं लेकिन पुलिस उन्हें रोकने में जुटी है। आज किसान दिल्ली पहुंच सकते हैं और इनके समर्थन में यूपी में भी प्रदर्शन होने की उम्मीद है।
इससे पहले गुरुवार को दिल्ली कूच के दौरान पूरे दिन किसानों और सुरक्षाबलों के बीच झड़प होती रही। किसानों को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिसबलों की तैनाती की गई है और कई जगहों पर किसानों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस को वाटर कैनन और आंसू गैस के गोलों का भी प्रयोग करना पड़ा। हालांकि, तब भी किसान आगे बढ़ते जा रहे हैं।
वहीं, शुक्रवार को भी किसानों का प्रदर्शन आक्रामक रहा है। सिंधु बॉर्डर पर पुलिस और किसानों के बीच भिड़ंत हुई, यहां पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। लेकिन किसान पीछे नहीं हटे हैं और दिल्ली आने पर अड़ गए हैं। प्रदर्शन के कारण दिल्ली में कई जगह मेट्रो स्टेशन बंद किए गए हैं, साथ ही अस्थाई जेल बनाने की तैयारी है।
बता दें कि, किसान आंदोलन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने कहा कि ग्रीन लाइन पर ब्रिगेडियर होशियार सिंह, बहादुरगढ़ सिटी, पंडित श्री राम शर्मा, टिकरी बॉर्डर, टिकरी कलां और घेवर मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार अब बंद हैं।