पटना। बिहार के कद्दावर नेता और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का गुरुवार शाम लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। 74 वर्षीय पासवान पिछले कई दिनों से अस्प्ताल में भर्ती थे। गुरुवार को उनके बेटे और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने पिता के निधन की सूचना दी। केंद्रीय मंत्री के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री से लेकर कई दिग्गजों ने दुख व्यक्त किया है।
शुक्रवार को लोजपा नेता के आवास पर जाकर राष्ट्रपति कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उनके पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी। उनके पार्थिव शरीर को आज वायुसेना के विशेष विमान के जरिए पटना ले जाया जाएगा। राम विलास पासवान के निधन के बाद देश में शोक का माहौल है।
उनके निधन के बाद शोक में राष्ट्रपति भवन पर राष्ट्रध्वज झुका दिया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित पक्ष-विपक्ष के कई वरिष्ठ नेताओं व केंद्रीय मंत्रियों ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय कैबिनेट के मंत्रिगण उन्हें श्रद्धांजलि देने उनके दिल्ली आवास पर पहुंचे।
घर लाया जा रहा है रामविलास पासवान का पार्थिव शरीर
राम विलास पासवान के पार्थिव शरीर को अब उनके दिल्ली स्थित आवास पर ले जाया जा रहा है। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन एम्स अस्पताल पहुंचे। 12 जनपथ पर रामविलास पासवान के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, फिर पार्टी मुख्यालय ले जाया जाएगा।