मुंबई: महाराष्ट्र में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों के बीच लॉकडाउन की धज्जियां उड़ती नजर आ रही है। लॉकडाउन ख़त्म होने की उम्मीद में मुंबई के बांद्रा रेलवे स्टेशन पर प्रवासी मजदूरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। ये सभी मजदूर अपने-अपने घर जाने के लिए बांद्रा रेलवे स्टेशन पर इकठ्ठा हुए थे।
दरअसल, आज लॉकडाउन ख़त्म होने का आखिरी दिन था। ऐसे में इन मजदूरों को उम्मीद थी कि लॉकडाउन खत्म हो जाएगा। मजदूरों की भीड़ हटाने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा है। बताया जा रहा है कि पुलिस की कार्रवाई के बाद भीड़ हट गई। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए लॉकडाउन 3 मई तक के लिए बढ़ा दिया है।
मुंबई की घटना पर स्थानीय नेताओं का कहना है कि लोगों को समझाया जा रहा है कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं होगी और हर संभव मदद की जाएगी। महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार इन मजदूरों के खाने का इंतजाम करेगी। हम मजदूरों को समझा रहे हैं कि उनकी परिस्थितियों को सुधारने की पूरी कोशिश करेंगे।
इस पूरी घटना पर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे ने ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि बांद्रा स्टेशन पर वर्तमान स्थिति, मजदूरों को हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि सूरत में हाल में कुछ मजदूरों ने दंगा किया था। केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा कि उन्हें घर पहुंचाने को लेकर फैसला नहीं ले पाई। प्रवासी मजदूर खाना और शेल्टर नहीं चाहते हैं, वे घर जाना चाहते हैं।