नई दिल्ली। बिहार के समस्तीपुर से सांसद और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के वरिष्ठ नेता रामचंद्र पासवान का आज दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में निधन हो गया। सांसद रामचंद्र पासवान दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती थे। बता दें कि 12 जुलाई को सांसद रामचंद्र पासवान को दिल का दौरा पड़ा था। रामचंद्र पासवान लगातार चार बार से एलजेपी के समस्तीपुर से सांसद थे। रामचंद्र पासवान लोजपा प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के भाई थे।
चिराग पासवान ने भी रामचंद्र पासवान के निधन की जानकारी ट्वीट कर दी है।
आप सभी को बड़े दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा की मेरे चाचा जी आदरणीय श्री रामचंद्र पासवान जी अब नहीं रहे।आज 1:24pm पर राम मनोहर लोहिया अस्पताल नई दिल्ली में उन्होंने आख़िरी साँस ली। pic.twitter.com/doZizAHPlg
— Chirag Paswan (@ichiragpaswan) July 21, 2019
बताया जा रहा है कि रामचंद्र पासवान ने दिल्ली स्थित आवास पर रात में सीने में दर्द की शिकायत की थी। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, रामविलास पासवान भी उनका हाल चाल जानने आए थे।
रामचंद्र पासवान एलजेपी प्रमुख रामविलास पासवान के छोटे भाई थे। वह समस्तीपुर से सांसद भी थे। लोकसभा चुनाव 2019 में समस्तीपुर से उन्होंने दूसरी बार जीत दर्ज की थी।
57 साल के रामचंद्र पासवान पहली बार 1999 में रोसरा से सांसद बने थे। उसके बाद दूसरी बार भी वह 2004 में रोसरा से ही सांसद बने। जबकि 2014 और 2019 में समस्तीपुर से रामचंद्र पासवान सांसद बने।
कांग्रेस के अशोक कुमार को हराया था
बता दें कि लोकसभा चुनाव में समस्तीपुर लोकसभा सीट से एलजेपी उम्मीदवार रामचंद्र पासवान ने कांग्रेस के अशोक कुमार को 1.5 लाख से अधिक वोटों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी।