इंदौर। राज्यसभा चुनाव में भाजपा मध्यप्रदेश की दो सीटों पर जीत हासिल की है। इस बीच राज्यसभा के लिए वोटिंग करने वाले भाजपा विधायक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद से हड़कंप मच गया है। वहीं, अब उनसे संपर्क में आने वाले लोगों की भी जांच की जायेगी।
बता दें कि, मध्यप्रदेश के नीमच जिले की जावद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ओमप्रकाश सकलेचा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वे 16 जून से ही भोपाल में हैं और उन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान भी किया था।
इसके साथ ही उनके परिवार के एक और सदस्य की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव होने की जानकारी सामने आ रही है। यह जानकारी आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, अब उनके संपर्क में आए लोगों की पड़ताल शुरू हो गयी है। जावद में विधायक सकलेचा का निवास क्षेत्र पहले से ही कंटेनमेंट क्षेत्र बना हुआ है। विधायक पिछले कुछ दिनों से फॉर्म हाउस पर रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि वह कई लोगों से मिले थे और राज्यसभा चुनाव से पहले हुई भाजपा की बैठक में शरीक हुए थे। भाजपा विधायक के कोरोना संक्रमित होने की सूचना मिलने के बाद विधानसभा सचिवालय ने राज्यसभा चुनाव में मतदान के फुटेज निकालने के निर्देश दिए हैं। वहीं दूसरी ओर राज्य के बालाघाट जिले में दो और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं।