नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में भीषण आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई है। घटना इंदरगंज इलाके की है जहां सोमवार को तीन मंजिला मकान में आग लग गई। आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है और फायर बिग्रेड व मेडिकल टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। घटनास्थल पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन के आला अधिकारी भी पहुंच गए हैं। घटना इंदरगंज थाने से महज 100 मीट की दूरी पर हुई।
जानकारी के मुताबिक, ग्वालियर के इंदरगंज चौराहे के रोशनी घर मोड़ पर तीन मंजिला मकान है। इस मकान में एक पेंट की दुकान भी है। सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे आग लग गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो बच्चियां भी शामिल हैं। हादसा इंदरगंज चौराहे पर थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुआ। अब तक 11 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है। घर में 25 से ज्यादा लोग रहते हैं।
घर में आग लगने के बाद दो बच्चियां शुभि और अभि, वहीं फंसी रह गईं। बाद में उनके झुलसे हुए शव बरामद किए गए। 10 साल के एक बच्चे का भी शव मिला। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी। घर में एक दुकान थी, जिसमें काफी ऑयल पेंट रखा था। आग पेंट के संपर्क में आने के बाद इतनी तेजी से भड़की कि यहां रह रहे लोगों को बचने का मौका नहीं मिला। इमारत से उठता धुआं करीब 3 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था।
प्रशासन ने तुरंत आर्मी को बुलाया
आग बेकाबू होते देख ग्वालियर जिला प्रशासन ने आर्मी से मोर्चा संभालने को कहा। आर्मी की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को वहां से रेस्क्यू किया। फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां और ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंचाए गए। लोगों को जया आरोग्य हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। कुछ लोग घायल भी हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।