महराजगंज । महराजगंज के मेदिनीपुर टोला बेनीगंज में आठ दिन पहले मायके से आई नवविवाहिता खुश्बू पत्नी महेश चौधरी की लाश घर के कमरे में फंदे से लटकती मिली। इस मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर घुघली पुलिस दहेज हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एएसपी आशुतोष शुक्ल ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया।
परिजनों के मुताबिक खुश्बू बुधवार की रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने गई। गुरुवार की सुबह काफी देर तक कमरे का फाटक नहीं खुला तो सास व अन्य महिलाएं दरवाजा खटखटाने लगीं। इसके बाद भी कोई हलचल नहीं देख अनहोनी की आशंका में परिजन व पड़ोसियों ने मिल कर दरवाजे का फाटक तोड़ा। अंदर का नजारा देख सभी सन्न हो गए। कमरे में फंदे के सहारे खुश्बू का शव लटक रहा था।
29 मई को हुई थी शादी
खुश्बू का मायका कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में है। बीते 29 मई को ही खुश्बू की शादी मेदिनीपुर टोला बेनीगंज निवासी महेश चौधरी के साथ हुई थी। शादी के बाद वह मायके चली गई थी। पुलिस के मुताबिक आठ दिन पहले ही खुश्बू मायके से ससुराल आई थी।
पति मुम्बई में है,घर में केवल थीं महिलाएं
पुलिस के मुताबिक शादी के बाद महेश रोजी-रोटी के चक्कर में मुम्बई कमाने गया है। महेश के पिता की पहले मौत हो चुकी है। भाई भी बाहर हैं। घटना के समय घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं।
पति समेत पांच के खिलाफ दहेज हत्या का केस
इस प्रकरण में मृतका खुश्बू के पिता रामप्यारे ने बेटी की मौत पर ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर घुघली पुलिस पति, देवर, सास व दो जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
आशुतोष शुक्ल एएसपी महराजगंज ने बताया कि ससुराल में नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटकती हुई लाश मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। छानबीन शुरू कर दी गई है। विवेचना में घटना की सच्चाई सामने आएगी।