मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने गुरुवार को भारतीय खिलाड़ियों की सालाना अनुंबध सूची जारी की। 2020-21 के लिए जारी की गई इस लिस्ट में महेंद्र सिंह धोनी का नाम शामिल नहीं है। क्रिकेट बोर्ड द्वारा गुरुवार को घोषित अनुंबध सूची से धोनी को बाहर रखा गया है। विश्वकप में खेलने के बाद से महेंद्र सिंह धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। टेस्ट मैच से वह पहले ही संयास ले चुके हैं।
बीसीसीआई के इस फैसले से माना जा रहा है कि अब धोनी युग का अंत होने वाला है। धोनी को क्रिकेट बोर्ड द्वारा जारी सूची के किसी भी कैटिगरी में जगह नहीं दी गई है। इससे साफ हो गया है कि बीसीसीआई ने धोनी को इशारा कर दिया है। इसमें विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह को A+, स्पिनर रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, पेसर भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, चेतेश्वर पुजारा, केएल राहुल, अजिंक्य रहाणे, शिखर धवन, इशांत शर्मा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत को A ग्रेड में शामिल किया गया है।
ऋद्धिमान साहा, पेसर उमेश यादव, स्पिनर युजवेंद्र चहल, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या, मयंक अग्रवाल को ग्रेड बी रखा गया है जबकि केदार जाधव, नवदीप सैनी, दीपक चाहर, मनीष पांडे, हनुमा विहारी, शार्दुल ठाकुर, श्रेयस अय्यर और वॉशिंगटन सुंदर ग्रेड सी में शामिल हैं।