मुंबई। साल 2020 में रिलीज होने जा रही आदित्य रॉय कपूर और दिशा पाटनी स्टारर फिल्म मलंग से अनिल कपूर का लुक सामने आ गया है। अनिल कपूर ने खुद ये लुक अपने बर्थडे के मौके पर शेयर किया है। कहना होगा कि अनिल कपूर एक बार फिर काफी इंप्रेसिव अवतार में नजर आने वाले हैं।
फोटो देखकर ऐसा लग रहा है कि फिल्म में अनिल कपूर का किरदार एक बुरे पुलिसवाले का होगा। तस्वीर में वह वर्दी पहने कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं। उन्होंने दाड़ी ट्रिम की हुई है और लाल टिंट वाला चश्मा लगाया हुआ है। वर्दी के बटन खुले हुए हैं और उनके दोनों हाथों पर ऊपर तक बने टैटू काफी इंप्रेसिव लग रहे हैं।
उनके लुक को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म में अनिल कपूर का लुक कैसा होने वाला है। महज 19 मिनट में हजारों की तादात में लोगों ने इस फोटो को लाइक और शेयर किया है। फिल्म एक रोमांटिक हॉरर फिल्म होने वाली है। फिल्म 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के मौके पर रिलीज होगी।
फिल्म का निर्देशन मोहित सूरी कर रहे हैं और इसमें अनिल कपूर के साथ कुनाल खेमू भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। हाल ही में ऐसी खबरें भी आई थीं कि शूट के दौरान आदित्य और दिशा ने स्कूटर से पूरा गोवा घूमा है।