कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के करीब आते ही वहां की राजनीति में सरगर्मी बढ़ती जा रही है। इस बीच ममता बनर्जी को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, तृणमूल के कद्दावर नेता व राज्य के परिवहन व सिंचाई मंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को सभी पदों से इस्तीफा दे दिया।
हालांकि, उन्होंने विधायक और तृणमूल के सदस्य पद से इस्तीफा नहीं दिया है। ऐसी अटकले हैं कि वे भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि इसे लेकर कोई पुष्ट जानकारी नहीं है। इससे पहले उन्होंने सरकारी निगम के पद से इस्तीफा दिया था।
कई महीने से विद्रोही रुख दिखा रहे अधिकारी ने खुद को मनाने के लिए की जा रही कोशिशों के बीच अचानक हुगली रिवर ब्रिज कमिश्नरेट (एचआरबीसी) के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी ने भी उनके इस्तीफे को स्वीकार कर लिया था। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि यदि शुभेंदु अधिकारी भाजपा ज्वाइन करते हैं तो उनका स्वागत है।