नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली के प्रेम नगर कॉलोनी में एक शख्स ने पत्नी की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसे अपनी पत्नी का फोन हमेशा ही बिजी मिलता था। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार आरोपी ने पत्नी की हत्या करने के बाद उसके शव को गटर में फेंक दिया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने बताया, “आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू को भी जब्त कर लिया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराके उसे परिवार वालों के हवाले कर दिया गया है।”
पत्नी की हत्या के बाद पति ने फोन करके खुद ही इसकी सूचना देर रात सास को दी, तो उन्हें विश्वास नहीं हुआ। लिहाजा वे इसे महज मजाक समझकर सो गईं। सुबह कुछ और लोगों ने जब घटना के बारे में मृतका के परिजनों को बताया तो कोहराम मच गया। आरोपी प्राइवेट नौकरी करता है.
मृतका का नाम सीमा बताया जा रहा है। सीमा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि, उसकी हत्या दहेज के लिए की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।