श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के लद्दाख में भारी हिमस्खलन हुआ है, जिसकी चपेट में कई वाहन आ गए हैं। बर्फ के नीचे दबे इन वाहनों में करीब दस लोगों के फंसे होने की आशंका है। वहीं, इस घटना की जानकारी मिलने ही भारतीय सेना की टीम वहां पहुंच गई और बचावकार्य शुरु कर दिया। हालाकि बर्फ के चलते बचाव कार्य में सेना को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आपको बता दें कि लद्दाख समेत पूरे जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फीले तूफान का तांडव जारी है। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे लद्दाख के खारदुंगला में बीच सड़क पर बर्फ का पहाड़ गिर गया। वहां से गुजर रहे पर्यटक उसकी चपेट में आ गए। खारदुंगला दर्रे पर यह दुनिया की सबसे ऊंची सड़क है, जहां तापमान माइनस 15 से भी कम है। बर्फ में कई पर्यटकों के दबे होने की बात कही जा रही है। वहीं एक शख्स की इस घटना में मौत हुई है।
इस हिमस्खलन की चपेट में आए पर्यटकों के बारे में अभी तक कुछ जानकारी नहीं मिल पाई है। बताया जा रहा है कि मौसम विभाग ने दो दिन पहले पहले ही बर्फबारी जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। सेना और पुलिस के जवान बर्फ में दबे लोगों को तलाश रहे हैं।