लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती आज अपना 64वां जन्मदिन मना रहीं हैं। इस मौके पर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस मौके पर मायावती ने कांशीराम को याद किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनकल्याणकारी दिवस के रूप में अपना जन्मदिन मनाने का आह्वान किया। बसपा सुप्रीमो ने अपने 64वें जन्मदिन पर पार्टी की ‘ब्लू बुक’ मेरे संघर्षमय जीवन व बीएसपी मूवमेंट का सफरनामा के 15 वें संस्करण का विमोचन किया।
उन्होंने इसका अंग्रेजी संस्करण भी जारी किया। जन्मदिन के मौके पर उन्होंने मोदी सरकार पर हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार भी कांग्रेस की राह पर चल पड़ी है। मोदी सरकार में अर्थव्यवस्था बीमार हालत में है। मोदी सरकार पर हमला करते हुए मायावती ने कहा कि आज 130 करोड़ लोगों के सामने रोजी—रोटी का संकट मंडरा रहा है। देशभर में गरीबी और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। उद्योग धंधे चौपट हो गए हैं। अर्थव्यवस्था बीमार हो गयी है।
मायावती ने कहा कि इसके कारण आम लोगों का जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। केंद्र की नीतियां पूरी तरह से गलत है और इस वजह से देश में इस वक्त गरीबी, अशिक्षा और तनाव का माहौल है। मायावती ने कहा कि केंद्र सरकार राजनीतिक लाभ के लिए अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर रही है। सरकार की गलत नीतियों के कारण देश भर में अशांति और कानून व्यवस्था बिगड़ गई है, जो राष्ट्रीय चिंता का विषय है।
मायावती ने कहा कि बीजेपी की इन्हीं गलतियों के कारण कांग्रेस इसका फायदा उठा रही है। बहुजन समाज पार्टी इन हालातों को लेकर काफी चिंतित है। मायावती ने कहा कि पूरे देश में किसानों की हालत खराब है। भाजपा की केंद्र और राज्य की सरकार गरीबों के खिलाफ ही काम कर रही है। बसपा देश की गरीब जनता के साथ है। इसके साथ ही मायावती ने नागरिकता संशोधन कानून को लेकर कहा कि यह विभाजनकारी और संविधान विरोधी है।
इसके साथ ही लखनऊ और नोएडा में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि यूपी में कानून और व्यवस्था की स्थिति सुधरने वाली है। जब तक अपराधियों पर कार्रवाई की इच्छाशक्ति नहीं होगी तब तक कानून व्यवस्था नहीं सुधारी जा सकती। यूपी में कानून का राज नहीं है, ‘जंगल राज’ है। यह किसी से छिपा नहीं है।