लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर हुए उपचुनाव में बहुजन समाज पार्टी एक भी सीट जीत नहीं सकी। उपचुनाव में बसपा के खराब प्रदर्शन के बाद मायावती ने पार्टी में बदलाव शुरू कर दिया है। इसी क्रम में उन्होंने कोऑर्डिनेटर, मंडल व जोन व्यवस्था भंग कर सेक्टर व्यवस्था लागू करने का एलान कर दिया।
मायावती ने कहा कि, उत्तर प्रदेश को चार सेक्टरों में बांटकर काम किया जायेगा। इसके साथ ही सेक्टर व बूथ कमेटियों को मजबूत बनाने पर ध्यान देगी। मायावती ने कार्यकर्ताओं से 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्रवान किया है।
उन्होंने उपचुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन पर रिपोर्ट तलब की है। बता दें कि प्रदेश में हाल ही में हुए 11 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में बसपा को एक भी सीट हासिल नहीं हुई। ऐसे में पार्टी का जनाधार लगातार कम होने की बात कही जा रही हैं। वहीं, उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी 9 और समाजवादी पार्टी ने 3 सीटों पर जीत दर्ज की थी।