मेरठ। दिल्ली की ओखला विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह की जीत के बाद उनके मेरठ स्थित उनके पैतृक गांव में जुलूस निकालने पर बवाल हो गया। भीड़ ने विजय जुलूस निकालते हुए नारेबाजी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब उन्हें समझाने की कोशिश की तो पुलिस के साथ हाथापाई करते हुए पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया। इसके साथ ही पुलिस ने 20 नामजद व 50 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
अमानतुल्लाह दिल्ली की ओखला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे। बता दें कि सीएए के विरोध के चलते चर्चा में आया शाहीनबाग ओखला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ही आता है। मंगलवार शाम विधायक के जीतने की खुशी में उनके पैतृक गांव अगवानपुर (परीक्षितगढ़) में परिवार से जुड़े सदस्य और ग्रामीण मिठाई बांट रहे थे। उसके बाद गांव में जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस में महिलाएं भी शामिल थीं।
इसकी जानकारी पुलिस को मिली तो परीक्षितगढ़ एसओ कैलाश चंद्र फोर्स के साथ गांव में पहुंचे। पुलिस ने नारेबाजी कर जुलूस निकाल रहे लोगों को रोका तो एक महिला ने महिला पुलिसकर्मियों से गाली गलौज कर दी। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने धारा 144 का हवाला देते हुए बिना अनुमति जुलूस निकालने से रोक दिया। इस पर उग्र भीड़ ने पुलिस से हाथापाई कर दी। महिला पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ने की कोशिश की। भीड़ ने एसओ से भी धक्का-मुक्की करते हुए हिरासत में ली गई महिला को छुड़ा लिया। जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
सपा कार्यकर्ता नूरउल्ला खां ने कहा मिठाई ही तो बांटी जा रही है। यह विधायक का गांव है। जिस पर पुलिस ने नूर उल्ला खां व अन्य लोगों पर भी लाठी फटकारी, जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। एसओ परीक्षितगढ़ ने बताया कि देर रात नूरउल्ला खां समेत 20 नामजद और 50 अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि दिल्ली की ओखला सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक के पिता वली उल्ला खां अगवानपुर के रहने वाले हैं। विधायक ने आठवीं गांव से की है। उसके बाद पिता के साथ दिल्ली चले गए। वहां कपड़े पर कढ़ाई का काम शुरू किया। चाचा और अन्य परिवार मेरठ में रहता है। विधायक परिवार की जमीन और जायदाद गांव में ही है।
एएसपी ग्रामीण अविनाश पाण्डेय ने बताया कि धारा 144 लागू है। अगवानपुर गांव में बिना अनुमति के जुलूस निकाला जा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब लोगों को समझाने की कोशिश की तो विरोध पर हंगामा किया। पुलिस ने जुलूस नहीं निकलने दिया। इस मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।