नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक में 12 हजार 700 करोड़ रुपये का फ्राड करने वाले हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को भारत लाना अब और मुश्किल हो सकता है। दहअसल मेहुल चोकसी ने भारतीय नागरिकता छोड़ दी है, इसके साथ ही उसने अपना पासपोर्ट एंटीगुआ हाईकमीशन में जमा कर दिया है।
बताया जा रहा है कि पंजाब नेशनल बैंक घोटाले के मुख्य आरोपी मेहुल चोकसी ने पासपोर्ट नंबर जेड 3396732 कैंसिल्ड बुक्स के साथ जमा कराया है। उसने भारतीय नागरिकता छोड़ने के लिए 177 अमेरिकी डॉलर का ड्राफ्ट जमा कराया है। इस संबंध में विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमित नारंग ने गृह मंत्रालय को जानकारी देते हुए बताया कि मेहुल चोकसी ने भारतीय नागरिका छोड़ने के लिए जो फॉर्म भरा है। उसमें उसने अपना पता जौली हार्बर सेंटर मार्कस एंटीगुआ लिखा है।
बता दें कि चोकसी ने भारतीय उच्चायोग से कहा कि उसने नियमों के तहत एंटीगुआ की नागरिकता लेते हुए भारत की नागरिकता छोड़ दी है। उसने 11 साल पहले एंटीगुआ की नागरिकता ली थी। मुंबई पुलिस की हरी झंडी के बाद चोकसी को नागरिकता मिली थी।