नई दिल्ली। भगोड़ा कारोबारी विजय माल्य पर ईडी का शिकंजा कसता जा रहा है। ईडी ने फ्रांस में उनकी 1.6 मिलियन यूरो (14 करोड़ रुपए) की संपत्ति जब्त कर ली है। बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मामले में मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत ईडी ने यह कार्रवाई की है। विजय माल्य इस समय लंदन में है। भारत सरकार लगातार उसके प्रत्यर्पण की कोशिश में जुटा हुआ है।
मई में भगोड़ा कारोबारी माल्या धन शोधन और धोखाधड़ी के मामलों का सामना करने के लिए भारत प्रत्यर्पित किए जाने के खिलाफ ब्रिटेन के उच्चतम न्यायालय में अपनी अपील हार गया था। ब्रिटेन के उच्चतम न्यायालय में माल्या की अपील खारिज होने के बाद भारत उसके प्रत्यर्पण पर जोर दे रहा है।
भारत प्रत्यर्पित किए जाने के खिलाफ ब्रिटेन की शीर्ष अदालत में अपील खारिज होने के पहले अप्रैल में उच्च न्यायालय में भी उसकी अपील खारिज हो गई थी। बता दें कि, विजय माल्या 9 हजार करोड़ रुपए के लोन घोटाले में आरोपी हैं। एसबीआई सहित 17 बैंकों से यह लोन लिया गया था। भारतीय एजेंसियों का शिकंजा कसने के बाद माल्या ने कई बार बैंकों का पैसा लौटाने की भी पेशकश की है।