नई दिल्ली: मौसम विभाग ने इस वर्ष 100 फीसदी बारिश का अनुमान जाहिर किया है। विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार, मानसून 1 जून को केरल पहुंच जाएगा। इस बार मानसून सामान्य रहने की उम्मीद जताई गई है। 96 से 100 फीसदी बारिश को सामान्य मानसून माना जाता है।
भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक एम मोहपात्रा ने ऑनलाइन ब्रीफिंग में बताया कि इस साल बारिश का दीर्घावधि औसत 100 फीसदी रहेगा। मानसून केरल के तट से 1 जून को टकराएगा। इसमें 5 फीसदी की कमी या बढ़ोतरी हो सकती है।
भारत में जून से सितंबर के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून से बारिश होती है। गत वर्ष मानसून 8 जून को केरल के समुद्रतट से टकराया था। गत वर्ष मानसून भविष्यवाणी से कम ही बारिश हुई थी। मौसम विभाग प्रत्येक वर्ष में दीर्घावधि अनुमान दो चरणों में जारी करता है। पहला अप्रैल और दूसरा अनुमान जून में जारी किया जाता है। इसके लिए स्टेटिसटिकल एनसेंबल फोरकास्टिंग सिस्टम और ओशन एटमॉस्फिरिक मॉडलों की मदद ली जाती है।
सांख्यिकीय गणना के आधार पर इस बार मानसून में 9 फीसदी की कमी हो सकती है, जिसे अच्छी बात कहा जा सकता है। सामान्य मानसून खेती और आर्थिक वृद्धि के लिहाज से असरकारक होता है।