नई दिल्ली। रमज़ान उल मुबारक महीने का 30वां रोजा रविवार को रोजेदारों ने मुकम्मल किया। इसी के साथ ईद के चांद का भी दीदार हो गया है। आज यानि सोमवार को देशभर में ईद-उल-फित्र का त्योहार मनाया जा रहा है।
ईद-उल-फित्र का त्योहार रमज़ान के 29 या 30 रोजे रखने के बाद चांद को देखकर मनाया जाता है। जबकि सऊदी अरब, यूएई समेत तमाम खाड़ी देशों में शनिवार को ईद मनाई गई। भारत में केरल और जम्मू-कश्मीर राज्य में भी आज ही ईद मनाई गई।
कोरोना ने ईद का रंग किया फीका
ईद-उल-फित्र का त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है, हालांकि इस बार कोरोना वायरस के प्रकोप से बचने के लिए जारी रखे गए लॉकडाउन में सभी अपने घरों में ही इस पर्व को मनाएंगे। इस्लामिक कैलेंडर के मुताबिक, साल में सबसे पहले जो ईद आती है, उसे ईद-उल-फित्र या मीठी ईद कहते हैं। इसे सेवइयों वाली ईद भी कहा जाता है।
इसी के साथ ईद-उल-फित्र को मीठी ईद भी कहते हैं, क्योंकि रोजों के बाद ईद-उल-फित्र पर जिस पहली चीज का सेवन किया जाता है, वह मीठी होनी चाहिए। वैसे मिठाइयों के लेन-देन, सेवइयों और शीर खुर्मा के कारण भी इसे मीठी ईद कहा जाता है।