नई दिल्ली। Motorola Razr की वापसी होने वाली है। वो भी एक फोल्डेबल फोन की तरह। यह जानकारी इस साल की शुरुआत में ही मिली थी और इसकी पुष्टि कंपनी ने इशारों में की थी। अब जानकारी मिली है कि लेनोवो की स्वामित्व वाली यह कंपनी 13 नवंबर को एक इवेंट आयोजित करने वाली है। मीडिया को इस इवेंट के इनवाइट भेजे जाने लगे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस दिन मोटोरोला रेज़र फोल्डेबल फोन लॉन्च होगा। खबर है कि इसे मोटोरोला रेज़र 2019के नाम से जाना जाएगा।
Cnet की रिपोर्ट के अनुसार Motorola Razr के लिए अब यूजर्स को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगी क्योंकि कंपनी इसे इस साल के अंत तक लॉन्च कर सकती है। जबकि पहले खबर थी कि ये फोन 2020 की शुरुआत में दस्तक देगा। हालांकि आधिकारिक तौर पर इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
अभी तक सामने आई लीक खबरों और अन्य जानकारियों के अनुसार Motorola Razr फोल्डेबल फोन क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 710 चिपसेट पर पेश किया जा सकता है। कंपनी इस फोन को दो स्टोरेज वेरिएंट में लॉन्च कर सकती है। एक वेरिएंट में 4GB + 64GB स्टोरेज और दूसरे वेरिएंट में 6GB + 128GB स्टोरेज दी जाएगी। फोन में दो डिस्प्ले होंगे जिसमें 876 x 2142 पिक्सल स्क्रीन रेजोल्यूशन के साथ 6.2 इंच का मेन स्क्रीन होगी। जबकि बाहरी पैनल का स्क्रीन रेजोल्यूशन 600 x 800 पिक्सल हो सकता है। पावर बैकअप के लिए फोन में 2,730 एमएएच की बैटरी हो सकती है।