इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के भोपाल स्थित कार्यालय में पहुंची सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर क अचानक तबीयत खराब हो गयी। वह भोपाल स्थित बीजेपी कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि में प्रदर्शनी के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने गईं थीं। तबियत खराब होने के बाद उन्हें घर वापस लाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि लॉकडाउन की शुरुआत से ही बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का दिल्ली में इलाज चल रहा था। अनलॉक की शुरूआत होने के बाद साध्वी प्रज्ञा भोपल वापस आ गयीं थीं। आज वह बीजेपी कार्यालय में एक कार्यक्रम में पहुंची थीं। इस दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें चक्कर आने लगा।
पास में मौजूद सिक्योरिटी स्टाफ से उन्होंने अपनी तकलीफ को बताया। इसके बाद आनन-फानन में उन्हें कुर्सी पर बैठाया गया और पानी पिलाया गया। फिलहाल, बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को उनके घर पर ले जाया गया है, जहां एक मेडिकल टीम भी पहुंच गई है।
मेडिकल टीम उनकी जांच करेगी। साध्वी प्रज्ञा की आंखों का इलाज चल रहा है। इस वजह से उन्हें हाईडोज दवाएं खानी पड़ रही हैं। माना जा रहा है कि इस वजह से उनकी तबीयत खराब हुई होगी।