नई दिल्ली। भारत के दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी महेन्द्र सिंह धोनी के दस्तानों पर भारतीय सेना के बलिदान बैज को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आईसीसी ने इस पर आपत्ति जताई है। विश्व कप में टीम इंडिया के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ धोनी ने जो दस्ताने पहने थे, उन पर सेना का बलिदान बैज बना हुआ था।
इस पर आईसीसी का कहना है कि नियमों के मुताबिक, किसी भी अन्य प्रतीक वाली चीजों को मैदान पर नहीं पहना जा सकता है। इसके बाद बीसीसीआई इस मसले का समर्थन करता दिख रहा है। यही नहीं बीसीसीआई ने इस संबंध में आईसीसी को पत्र भी लिखा है। बीसीसीआई की प्रशासनिक समिति के अध्यक्ष विनोद राय के मुताबिक इस मुद्दे पर आईसीसी को जवाब दे दिया गया है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह अपने खिलाड़ियों के साथ खड़े हुए हैं। इसके साथ ही धोनी के दस्ताने पर जो चिन्ह बने हुए हैं वह किसी धर्म का प्रतीक नहीं है। इसके साथ ही धोनी के समर्थन में देश के दिग्गज भी उतर आए हैं। पहलवान योगेश्वर दत्त ने कहा कि हमें धोनी पर गर्व है और उन्हें सेना के बलिदान बैज वाले दस्तानों को पहनना जारी रखना चाहिए। उनके अलावा पहलवान सुशील कुमार ने भी समर्थन किया है। हॉकी के पूर्व कप्तान सरदार सिंह ने भी धोनी का समर्थन किया है।