नई दिल्ली। कोरोना संकट के बाद लगे लॉकडाउन ने आर्थिक मोर्चे पर सभी को ठप कर दिया था। अनलॉक के बाद धीरे धीरे आर्थिक मोर्चे में सुधार आ रहा है। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी लॉकडाउन में भी आर्थिक मोर्चे पर बेहद सफल रहे। मुकेश अंबानी ने मार्च में लॉकडाउन लागू होने के बाद से प्रति घंटे 90 करोड़ रुपये की कमाई की है। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2020 में अंबानी लगातार नौवें साल शीर्ष पर काबिज हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, मुकेश अंबानी की कुल आय 6,58,400 करोड़ रुपये है। पिछले नौ सालों में अंबानी की निजी संपत्ति 2,77,700 करोड़ रुपये बढ़ी है। अंबानी एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति और दुनिया के चौथे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। पिछले एक साल में उनकी कुल संपत्ति में 73 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
इसके साथ ही शीर्ष पांच धनकुबेरों में जगह पाने वाले अंबानी एकमात्र भारतीय हैं। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में उन लोगों का नाम शामिल है जिनकी संपत्ति 31 अगस्त 2020 तक 1000 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा थी। इस सूची में 828 भारतीयों को जगह मिली है। सूची में दूसरा स्थान लंदन में रहने वाले हिंदूजा ब्रदर्स (एसपी हिंदुजा, अपने तीन भाइयों के साथ) को मिला है।
उनके पास कुल 1,43,700 करोड़ रुपये की संपत्ति है। तीसरे स्थान पर एचसीएल के संस्थापक शिव नाडर हैं, जो 1,41,700 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। वहीं चौथे स्थान पर गौतम अदाणी और उनका परिवार है। विप्रो के अजीम प्रेमजी इस सूची में पांचवें स्थान पर हैं।