नई दिल्ली। महाराष्ट्र में बीजेपी ने बहुमत न होने के बावजूद सरकार बनायी और वो सरकार महज 80 घंटे के अन्दर गिर गयी। अब शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाने जा रही है। इस तरह से बीजेपी ने महाराष्ट्र की सत्ता भी खो दी, सिर्फ महाराष्ट्र ही नही, एक साल के अन्दर एनडीए ने देश के 4 बड़े राज्यों से सत्ता गंवा दी है।
आपको बता दें कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानि एनडीए को 11 महीने के अन्दर ये चौथा बड़ा झटका लगा है। जिस गठबन्धन का साल 2017 में 71 फीसदी आबादी पर शासन था। मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में सत्ता गंवाने के बाद अब वह 40 फीसदी आबादी तक सीमित होकर रह गया है। हालांकि मिजोरम, सिक्किम और हरियाणा में एनडीए की सरकार बनी है।
वर्तमान समय में देश के 17 राज्यों में एनडीए की सरकार है, जिनमें 13 राज्यों में भाजपा के जबकि 4 राज्यों में भाजपा गठबन्धन की पार्टियों के मुख्यमंत्री हैं। जहां देश की राजधानी में भाजपा कई सालों से सत्ता से गायब है वहीं अब देश की आर्थिक नगरी यानी मुम्बई से भी सत्ता से गायब हो गयी है। आपको बता दें कि देश के 40 फीसदी से ज्यादा कॉर्पोरेट ऑफिस महाराष्ट्र में ही हैं। चुनावी के समय सबसे ज्यादा चंदा भी यहीं से आता है। महाराष्ट्र लोकसभा सीटों में उत्तर प्रदेश के बाद दूसरे नम्बर पर है। यहां पर 48 सीटें हैं।