नई दिल्ली। टीम इंडिया (Team India) ने न्यूजीलैंड दौरे (New Zealand Tour) की शुरुआत छह विकेट की शानदार जीत के साथ की। वैसे भी ऑकलैंड की पिच का इतिहास बल्लेबाजों के साथ ही रहा है और इस बार टीम इंडिया ने भी इस आंकड़े के साथ पूरा न्याय किया। यही वजह रही कि न्यूजीलैंड से मिला 204 रनों का विशाल लक्ष्य टीम इंडिया ने श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) और केएल राहुल (KL Rahul) के ताबड़तोड़ अर्धशतकों की बदौलत 19 ओवर में हासिल कर लिया। अय्यर ने 29 गेंदों पर नाबाद 58 रन बनाए, जबकि राहुल ने 27 गेंदों पर 56 रन की पारी खेली।
राहुल ने किया धमाके का आगाज
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और रोहित शर्मा दूसरे ही ओवर में सात रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद हालांकि राहुल ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 27 गेंद में चार चौकों और तीन छक्कों के साथ 56 रन बनाए। कप्तान कोहली ने उनका बखूबी साथ निभाते हुए 32 गेंदों में 45 रन की पारी खेली, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था। भारत ने हालांकि दसवें ओवर में राहुल और 12वें ओवर में कोहली का विकेट गंवा दिया. उस समय भारत को 53 गेंद में 83 रनों की जरूरत थी।
अय्यर ने कीवियों के उड़ाए होश
इसके बाद श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला. अय्यर ने 29 गेंदों में नाबाद 58 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल थे। उन्हें इस प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। न्यूजीलैंड की पारी में मुनरो ने 42 गेंद में छह चौकों और दो छक्कों के साथ 59 रन बनाए। वहीं, विलियमसन ने 26 गेंदों में चार चौकों और चार छक्कों के साथ 51 रनों की पारी खेली। रॉस टेलर 27 गेंदों में 54 रन बनाकर नाबाद रहे. जसप्रीत बुमराह (31 रन देकर एक विकेट) को छोड़कर भारत के सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए।
टॉस जीत विराट ने ली फील्डिंग
न्यूजीलैंड दौरे के पहले मुकाबले में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड को कोलिन मनरो और मार्टिन गप्टिल ने तूफानी शुरुआत दिलाई और दोनों ने पहले विकेट के लिए 7.5 ओवरों में 80 रन जोड़ लिए। गप्टिल 19 गेंदों पर 30 रन बनाकर शिवम दुबे का शिकार बने। उन्होंने 4 चौके और 1 छक्का लगाया। इसके बाद मनरो और कप्तान केन विलियम्सन ने मोर्चा संभाला। दोनों ने रनगति को बिल्कुल भी कम नहीं होने दिया। केन और मनरो ने दूसरे विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी की, तभी मनरो 12.5 ओवर में शार्दुल ठाकुर की गेंद पर आउट हो गए।. उन्होंने टीम के लिए सर्वाधिक 59 रन बनाए। उन्होंने 42 गेंदों पर 6 चौके और 2 छक्के लगाए।
छह साल बाद रोस टेलर ने लगाया टी20 अर्धशतक
मनरो के आउट होने के बाद कॉलिन डे ग्रैंडहोम भी बिना खाता खोले चलते बने. इसके बाद कप्तान केन विलियम्सन और रोस टेलर ने मोर्चा संभाला। केन ने 26 गेंदों पर चौर चौकों और चार छक्कों की बदौलत 51 रन बनाए, जबकि अेलर 27 गेंद पर 54 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने तीन चौके और इतने ही छक्के जड़े। खास बात ये है कि टेलर ने टी20 क्रिकेट में छह साल बाद कोई अर्धशतक लगाया है। इससे पहले उन्होंने साल 2014 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अर्धशतक लगाया था। उनकी इस पारी की बदौलत टीम ने 203 रनों का स्कोर खड़ा किया।