सीतामढ़ी। भारत और नेपाल के बीच बढ़ता तनाव अब गोलीबारी तक पहुुंच गया है। बिहार के सीतामढ़ी में बॉर्डर पर नेपाल पुलिस ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें एक भारतीय की जान चली गयी, जबकि दो लोग घायल हैं। बिहार क्षेत्र के सशस्त्र सीमा बल के आईजी ने इसकी पुष्टि की है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नेपाल की तरफ से अंधाधुंध गोलीबारी की गई थी, जिसमें यह घटना हुई है। बताया जा रहा है कि, जानकीनगर बॉर्डर पर नेपाल पुलिस की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें खेत पर काम कर रहे एक भारतीय शख्स की मौत हो गयी।
गोलीबारी में दो लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद से सीमा पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं, इसको देखते हुए भारत—नेपाल बॉर्डर पर भारी संख्या में पुलिस तैनात है।
जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी बॉर्डर के लिए रवाना हो गए हैं। दरअसल, नेपाल के नए नक्शे को लेकर भारत और पड़ोसी देश नेपाल के बीच घमासान जारी है। नेपाल ने अपने नए नक्शे में भारत के कई इलाके को अपना हिस्सा बताया है।