नई दिल्ली: भारत में लॉकडाउन को खोलने की कोशिशों के बीच कोरोनावायरस पीड़ितों की संख्या में इजाफा जारी है। देश में गुरुवार तक संक्रमितों की संख्या 2 लाख 98 हजार के पार हो गई। साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 8.5 हजार के करीब आ गई है। देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों की बात की जाए, तो महाराष्ट्र में हालात काफी खराब हैं। यहां अब पीड़ितों की संख्या 97 हजार 648 पर पहुंच गई है। वहीं, 24 घंटे में 152 नई मौतों के साथ अब मृतकों की संख्या 3590 हो गई है। राज्य में पिछले करीब तीन हफ्तों से लगातार हर दिन दो हजार नए केस सामने आ रहे हैं।
महाराष्ट्र के मुंबई में ही 55 फीसदी से ज्यादा केस हैं। फिलहाल 54 हजार 85 केसों और 1954 मौतों के साथ मुंबई संक्रमण के मामले में देश के बाकी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से भी आगे है।
संक्रमित राज्यों में दूसरा नंबर तमिलनाडु का है, जहां एक दिन में अब अब तक के 1875 नए संक्रमित पाए गए हैं। इसी के साथ राज्य में अब पीड़ितों का आंकड़ा 38 हजार 716 हो गया है। तीसरे नंबर पर 34 हजार 687 केसों के साथ दिल्ली है। हालांकि, अगर तमिलनाडु और दूसरे राज्यों में मौत की तुलना की जाए, तो तमिलनाडु के हालात काफी बेहतर हैं। चौथे नंबर पर गुजरात की 1385 और तीसरे नंबर पर दिल्ली में 1085 मौतों के मुकाबले तमिलनाडु में 349 लोगों की ही जान गई है।
फिलहाल भारत के लिए एक सुकून देने वाली खबर यह है कि अब तक कुल मरीजों में से करीब 50 फीसदी यानी करीब 1 लाख 46 हजार 972 लोग ठीक हो कर घर लौट चुके हैं। पिछले 24 घंटे में ही करीब 6 हजार मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। देश में एक्टिव केसों की संख्या 1 लाख 42 हजार है।