नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सरकार के दूसरे कार्यकाल के छह माह पूरे होने पर शनिवार को कहा कि उनकी सरकार ने देश के विकास, सामाजिक सशक्तीकरण और एकता को बढ़ावा देने के लिये अनेक अहम निर्णय किये।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के ध्येय से और 130 करोड़ भारतीयों के आर्शीवाद से एनडीए सरकार नये उत्साह से देश के विकास और 130 करोड़ भारतीयों के जीवन को सशक्त बनाने के लिये काम कर रही है।
पीएम ने कहा कि सरकार ने दूसरे कार्यकाल के पहले छह महीने में कई ऐसे फैसले किये जो विकास, सामजिक सशक्तिकरण और देश की एकता को मजबूत बनाने वाले थे। उन्होंने कहा कि हम आने वाले समय में और भी बेहतर करने की इच्छा रखते हैं। जिससे हम समृद्ध और प्रगतिशील नया भारत बना सकें।
वहीं मोदी सरकार के छह महीने पूरे हो जाने पर बीजेपी फॉर इंडिया की तरफ से ‘सिक्स मंथ ऑफ इंडिया फर्स्ट’ हैशटैग के साथ ट्वीट करते हुए केन्द्र सरकार की उपलब्धियां बताई गई है।
इसमें कहा गया कि हमने वादा किया, उसके लिए संघर्ष किया और उसे पूरा किया। जम्मू कश्मीर को अनुच्छेद 370 से मुक्त किया गया और जम्मू कश्मीर और लद्दाख दोनों को दो अलग केन्द्र शासित प्रदेश बनाया गया। हर भारतीय का एक भारत एक संविधान का सपना मोदी सरकार ने साकार किया।