नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सुरक्षा में चूक के बाद कांग्रेस केंद्र सरकार पर निशाना साधा रही है। इस बीच प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि पूरे देश में सुरक्षा के साथ समझौता किया जा रहा है। उन्होंने फेसबुक पर लिखा है कि ‘यह प्रियंका, मेरी बेटी या बेटे, मेरे या गांधी परिवार की सुरक्षा के बारे में नहीं है। यह हमारे नागरिकों, विशेष रूप से हमारे देश की महिलाओं को सुरक्षित रखने और सुरक्षित महसूस कराने को लेकर है।
पूरे देश में सुरक्षा से समझौता किया जाता है।’ इसके साथ ही उन्होंने आगे लिखा है कि, ‘लड़कियों के साथ छेड़छाड़/ दुष्कर्म हो रहा है, हम किस तरह के समाज का निर्माण कर रहे हैं? हर नागरिक की सुरक्ष सरकार की जिम्मेदारी है। यदि हम अपने देश और घर में सुरक्षित नहीं हैं, सड़को पर सुरक्षित नहीं हैं, दिन या रात में सुरक्षित नहीं हैं तो हम कहां और किस तरह से सुरक्षित रह सकते हैं?’
बता दें कि एक सप्ताह पूर्व बिना किसी अपॉइंटमेंट के सेल्फी लेने के लिए अज्ञात व्यक्तियों ने प्रियंका के आवास में प्रवेश किया था। 26 नंवबर को करीब दो बजे उनके घर में एक अनजान गाड़ी घुस आई, जिसमें कई लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि इसमें तीन महिला और तीन पुरूष एक बच्चे साथ घर में प्रवेश किए थे। घर में आए लोगों का कहना था कि हम उनके प्रशंसक हैं, उनसे मिलने आए हैं। सीआरपीएफ ने शिकायत दर्ज की है। वहीं मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि पिछले दिनों गांधी परिवार से एसपीजी की सुरक्षा हटी है। उसकी जगह अब सीआरपीएफ उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही है।