ऑस्कर अवॉर्ड्स 2023 का ऐलान हो चुका है। ऑस्कर अवॉर्ड्स में भारत ने अपना जलवा दिखाया है और पहली बार एक साथ दो अवॉर्ड्स अपने नाम किए हैं। पहले द एलिफेंट व्हिस्परर्स ने शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री कैटिगरी में जीत हासिल की। वहीं, एसएस राजामौली के डायरेक्शन में बनी फिल्म आरआरआर भी अवॉर्ड जीतने में सफल रही।
Oscar Awards 2023: ऑस्कर अवॉर्ड्स 2023 का ऐलान हो चुका है। ऑस्कर अवॉर्ड्स में भारत ने अपना जलवा दिखाया है और पहली बार एक साथ दो अवॉर्ड्स अपने नाम किए हैं। पहले द एलिफेंट व्हिस्परर्स ने शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री कैटिगरी में जीत हासिल की। वहीं, एसएस राजामौली के डायरेक्शन में बनी फिल्म आरआरआर भी अवॉर्ड जीतने में सफल रही। आरआरआर के गाने नाटू-नाटू को ऑस्कर के लिए बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया था। इसी के साथ भारत के खाते में दो अवॉर्ड और जुड़ गए हैं। वहीं, इससे पहले पांच भारतीयों ने ऑस्कर अवॉर्ड जीत भारत का मान बढ़ाया।
बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का ऑस्कर
ऑस्कर की इस कैटिगरी में आरआरआर फिल्म के गाने नाटू-नाटू को जगह मिली थी। इसका मुकाबला टेल इट लाइक ए वूमेन के अपलॉज, टॉप गन: मैवरिक के होल्ड माई हैंड, ब्लैक पैंथर: वकांडा फॉरएवर के लिफ्ट माई अप और एवरीथिंग एवरीवेयर ऑल एट वंस के दिस इज ए लाइफ से था। इस कैटिगरी में नाटू-नाटू ने बाजी मारी। दरअसल, इवेंट शुरू होने से लेकर आखिर तक नाटू-नाटू का जलवा दिखाई दिया। जब इस गाने पर परफॉर्मेंस दी गई तो दर्शकों ने स्टैंडिंग ओवेशन भी दिया।
द एलिफेंट व्हिस्परर्स का भी जलवा
ऑस्कर अवॉर्ड्स में भारत ने अपना दम दिखाया। बेस्ट शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री का ऑस्कर द एलिफेंट व्हीस्परर्स ने जीता। इस डॉक्यूमेंट्री का मुकाबला हॉलआउट, हाउ डू यू मीजर ए ईयर? द मार्था मिशेल इफेक्ट और स्ट्रेंजर एट द गेट से था। द एलिफेंट व्हिस्परर्स की निर्माता गुनीत मोंगा ने इवेंट की तस्वीर साझा की। उन्होंने कहा, ‘यह रात ऐतिहासिक है, क्योंकि यह किसी भारतीय प्रॉडक्शन के लिए अब तक का पहला ऑस्कर है।’