लखीमपुर-खीरी। आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर भारत ने काफी कामयाबी हासिल की है, नक्सलवाद 50 फीसदी से भी कम हो गया है और देश के उत्तर पूर्व क्षेत्रों में निरन्तर बढ़ रहे उग्रवाद में भी 80 फीसदी की गिरावट आई है। यह उदगार भारत के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने लखीमपुर खीरी के एसएसबी हेड क्वार्टर पहुचकर व्यक्त किये। गृहमंत्री यहां एसएसबी हेड क्वार्टर के प्रशासनिक भवन का उदघाटन करने आये थे।
उद्घाटन समारोह में आये गृहमंत्री को एसएसबी की गारद ने सलामी दी। उदघाटन करने के बाद प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि कश्मीर की एक चुनौती है क्योंकि पाकिस्तान बराबर अपनी नापाक हरकतों से पाकिस्तान को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है लेकिन हमारी सेना, अर्धसैनिक बल, जम्मू कश्मीर पुलिस व इंटेलिजेंस टीम में बेहतरीन को ऑर्डिनेशन है जिससे भारत की एक अपनी धमक रही है और विगत चार वर्षों में कोई बड़ी आतंकी वारदात नही हो पाई।
राजनाथ सिंह ने केंद्र सरकार का बखान करते हुए कहा कि विश्व इस बात को स्वीकार कर रहा है की विश्व में सर्वाधिक तेजी से बढ़ने वाली अर्थ व्यवस्था भारत देश की है, 2014 से पूर्व भारत 9वें स्थान पर था और आज टॉप 10 देशों में भारत छठवें स्थान पर आ गया है जिससे भारत की प्रतिष्ठा और बढ़ी है।
गृहमंत्री ने सैनिकों की हौसला आफजाई करते हुए कहा कि सैनिकों को सजग रहने की आवश्यकता है और आप सभी ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाहन किया है। गृहमंत्री ने यहां वृक्षारोपण भी किया और जवानो के साथ बड़ा खाना में शामिल होने के बाद बहराइच के रुपैडिया के लिए रवाना हो गए।
रिपोर्ट-एस0डी0 त्रिपाठी
लखीमपुर-खीरी