नई दिल्ली। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में दो भारतीय कर्मचारी के लापता होने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग के दो कर्मचारी पिछले दो घंटे से लापता हैं। वहीं, उनकी तलाश जारी है लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका है। आशंका है कि उनका अपहरण किया गया है। इसके साथ ही यह मामला पाकिस्तान के जिम्मेदार अधिकारियों के सामने उठाया गया है।
यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है जब पाकिस्तान उच्चायोग के दो पाकिस्तान अधिकारियों पर जासूसी के आरोप लगने के बाद उन्हें डिपोर्ट किया गया है। दोनों दिल्ली में वीजा विभाग में काम करते थे। इस घटना के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था। बताया जा रहा है कि सीआईएसएफ के दो ड्राइवर ड्यूटी पर बाहर गए थे, लेकिन वह अपने गंतव्य स्थान तक नहीं पहुंचे हैं।
आशंका जताई जा रही है कि कहीं उनका अपहरण तो नहीं कर लिया गया। ड्राइवर की तलाश की जा रही है। साथ ही पाकिस्तान सरकार को गुमशुदगी के बारे में बता दिया गया है। इस घटना से पहले खबर आई थी कि इस्लामाबाद में भारत के एक राजनयिक को डराने की कोशिश गई थी। आईएसआई एजेंट ने भारतीय राजनयिक का पीछा किया। उनकी जासूसी की।
इस मामले को लेकर भारत ने कड़ा विरोध जताया था। सूत्रों के अनुसार विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के सामने भारतीय अधिकारियों के लापता होने (इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग में कार्यरत) के मामले को उठाया है। हालांकि इसपर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।