जम्मू। पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया। पाक सेना ने जम्मू कश्मीर के राजोरी के केरी सेक्टर में सुबह सात बजे से गोलाबारी शुरू कर दी। इसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। उधर मंगलवार को शाहपुर, कीरनी और बालाकोट सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। सैन्य चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बना गोले दागे।
शाम चार बजे शुरू हुई गोलाबारी देर शाम तक जारी थी। सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की तीन चौकियां तबाह हो गईं। तीन से चार सैनिकों के भी मारे जाने की सूचना है। बताया जा रहा है कि, क्षेत्र के गांव कस्बा, मंधारा, कीरनी, इस्लामाबाद, गूंतरियां, काईयां, अपर शाहपुर, लोअर शाहपुर के साथ ही नियंत्रण रेखा से दूरदराज के गांव गलीपिंडी और कंडियार तक गोले दागे गए।
सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। गोलाबारी के बाद वहां पर दहशत फैल गई। स्थानीय लोग वहां से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचकर जगह ली। मेंढर सब डिवीजन के बालाकोट सेक्टर में भी पाकिस्तानी सेना ने गोलाबारी की। मंगलवार शाम 7:30 बजे शुरू हुई गोलाबारी देर रात तक जारी थी। गोलट गांव को भी निशाना बनाकर गोले दागे गए। हालांकि, इसमें किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है।