नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के डालटनगंज में एक चुनावी रैली के दौरान तीन दिन पूर्व लातेहार में नक्सली हमले में शहीद पुलिसवालों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उनके परिवार वालों के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि आज अगर पूरे भारत में कमल शान से खिला है, तो इसकी बहुत बड़ी भूमिका यहां की जनता की है, यहां के भाजपा कार्यकर्ताओं की रही है। यहां का जनजातीय समुदाय, यहां के पिछड़े, दलित, वंचित, व्यापारी, कारोबारी, हर वर्ग कमल के निशान के साथ खड़ा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चाहती तो अयोध्या मामले का हल निकाल सकती थी लेकिन वोट बैंक के लिए उसने ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि ये झारखंड के लिए गौरव की बात है कि पूरे देश को आयुष्मान बनाने से जुड़ी इस योजना की शुरुआत, झारखंड से ही की गई थी। पीएम ने कहा कि ये चुनाव सिर्फ दलों के बीच का, व्यक्तियों के बीच का नहीं है, बल्कि झारखंड को लूटने वालों और झारखंड के लोगों की सेवा करने वालों के बीच है। ये चुनाव दो कार्यसंस्कृतियों के बीच का है, दो धाराओं के बीच का है।
मोदी ने कहा कि विरोधी हताशा में कुछ भी कहें, लेकिन आपके जल, जमीन और जंगल की सुरक्षा, आपके हितों पर भाजपा दीवार बनकर खड़ी रहेगी कोई, आंच नहीं आने देगी। उन्होंने कहा कि नई, बसें, ट्रक टैंपो, के माध्यम से तो रोज़गार मिल ही रहा है, अब यहां एक नया स्टील प्लांट भी जल्द ही तैयार होने वाला है। इतना ही नहीं, यहां से जो बॉक्साइट निकल रहा है, उसका बड़ा हिस्सा यहीं के विकास में लगे, इसका भी प्रावधान पहली बार भाजपा की सरकार ने ही किया है
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के ईमानदार प्रयासों की वजह से ही आज झारखंड के गांव-गांव में सड़कें पहुंच रही हैं। गांव-गांव में बिजली पहुंच रही है। बदलते हुए हालात में अब यहां रोजगार के नए साधन तैयार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने झारखंड को एक स्थिर सरकार दी है। भाजपा ने झारखंड में भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए दिन रात काम किया है, पारदर्शी व्यवस्थाएं बनाई हैं। भाजपा ने झारखंड को लुटने से बचाया है यहां ‘समृद्धि’ का मार्ग खोला है।