नई दिल्ली। हाथरस केस के पीड़ित परिवार के मिलने जाते समय राहुल गांधी के साथ हुए दुर्व्यवहार को लेकर हंगामा मचा हुआ है। धक्का-मुक्की में राहुल गांधी नीचे गिर गए थे। इसको लेकर शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा है कि जिस तरीके से राहुल का कॉलर पकड़ा गया और उन्हें जमीन पर गिरा दिया गया यह एक तरह से देश के लोकतंत्र का गैंगरेप (सामूहिक दुष्कर्म) है।
संजय राउत ने कहा, ‘राहुल गांधी एक राष्ट्रीय नेता हैं। हमारे कांग्रेस के साथ मतभेद हो सकते हैं लेकिन कोई भी उनके साथ पुलिस के व्यवहार का समर्थन नहीं कर सकता है। उनके कॉलर को पकड़ा गया और उन्हें जमीन पर गिरा दिया गया। एक तरह से यह देश के लोकतंत्र का सामूहिक दुष्कर्म है।’
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, ‘हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि राहुल गांधी इंदिरा गांधी के पोते और राजीव गांधी के बेटे हैं। दोनों ने देश के लिए शहादत दी है। राहुल गांधी के साथ हुए व्यवहार को देश कभी माफ नहीं करेगा। आवाज उठाने के कारण जिस तरह की कार्रवाई राहुल गांधी और अन्य पर की गई वह लोकतंत्र के खिलाफ है।’