नई दिल्ली। उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता ने इलाज के दौरान बीती रात दम तोड़ दिया। इसके बाद पीड़िता का सफदरजंग अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ। करीब एक घंटे तक चले इस पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इसे फॉरेंसिक विभाग के अध्यक्ष डॉ. वाही के नेतृत्व में किया गया। उधर, इस घटना के बाद पीड़ित परिवार आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों को फांसी दी जानी चाहिए। उधर इसको लेकर उत्तर प्रदेश में राजनीति गरमा गयी है। इस घटना के विरोध में अखिलेश यादव विधानसभा के सामने आज धरने पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। सरकार सभी अच्छे कामों पर रोक लगा दी है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं हो रहीं हैं।
उधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी उन्नाव पीड़ित परिवार से मिलने के लिए निकल चुकी हैं। उन्होंने इसको लेकर सरकार पर निशाना साधा है। बता दें कि, उन्नाव गैंगरेप की पीड़िता का दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में देर रात निधन हो गया। पीड़िता को गुरुवार को एयरलिफ्ट करके लखनऊ से दिल्ली लाया गया था। पीड़िता का शरीर 95 फीसदी जल चुका था। सफदरजंग अस्पताल के प्रवक्ता ने उन्नाव रेप पीड़िता के निधन की पुष्टि की है।